टिहरी , मार्च 10 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में देश की महत्वपूर्ण जलविद्युत परियोजनाओं टिहरी बांध और कोटेश्वर बांध क्षेत्र में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बुधवार को व्यापक मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इस अभ्यास का आयोजन राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए), उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएम) और टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मॉक ड्रिल के दौरान संभावित आपदा की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विभागों और एजेंसियों की भूमिका, उनकी कार्यप्रणाली, संसाधनों की उपलब्धता, आपातकालीन संचार व्यवस्था तथा राहत-बचाव कार्यों की रणनीति का परीक्षण किया जाएगा। साथ ही विशेषज्ञों द्वारा आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन भी दिया जाएगा, ताकि वास्तविक आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
अधिकारियों के अनुसार इस अभ्यास के माध्यम से आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली, राहत एवं बचाव कार्यों में समन्वय तथा संसाधनों के प्रभावी उपयोग का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप अभ्यास किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में सभी संबंधित एजेंसियां तत्परता और समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें।
इस महत्वपूर्ण अभ्यास में राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, आपदा प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियां, सुरक्षा बलों के प्रतिनिधि, तकनीकी विशेषज्ञ और अन्य संबंधित कर्मचारी भाग लेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित