टिहरी , अप्रैल 12 -- उत्तराखंड के जनपद टिहरी के नीर गुड्डू वॉटरफॉल क्षेत्र में शनिवार देर रात एक युवक गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा मोचन बल की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।

जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात एसडीआरएफ कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी गई। इसके बाद ढालवाला से उपनिरीक्षक नरेंद्र राणा के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

घटनास्थल पर पहुंचकर टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच सघन सर्चिंग अभियान शुरू किया। खोजबीन के दौरान खाई में गिरे युवक की पहचान प्रेम कुमार ठाकुर (20 वर्ष), पुत्र अशोक कुमार ठाकुर, निवासी नई दिल्ली के रूप में हुई।

एसडीआरएफ टीम ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान टीम को दुर्गम स्थल और जोखिमपूर्ण हालात का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम ने पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

रेस्क्यू के बाद घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित