टिहरी , मई 05 -- उत्तराखंड में जनपद टिहरी गढ़वाल के उभरते क्रिकेटर गुरजीत सैनी ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। नरेंद्र नगर स्थित जिला खेल कार्यालय के आवासीय बालक क्रिकेट छात्रावास से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे गुरजीत का चयन स्कूल नेशनल अंडर-17 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए उत्तराखण्ड टीम में हुआ था।
यह प्रतियोगिता 26 अप्रैल से 01 मई 2026 तक तेलंगाना में आयोजित की गयी जिसमें उत्तराखण्ड टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। टीम की इस सफलता में गुरजीत सैनी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मंगलवार को जिला क्रीड़ाधिकारी दीपक रावत ने बताया कि गुरजीत ने 09 जुलाई 2025 को आवासीय क्रिकेट छात्रावास में प्रवेश लिया था और वर्तमान में राजकीय इंटर कॉलेज, नरेंद्र नगर में अध्ययनरत हैं। उन्होंने हाल ही में कक्षा 11 उत्तीर्ण कर 12वीं में प्रवेश लिया है।
उन्होंने बताया कि उप क्रीड़ाधिकारी रितु जैन के मार्गदर्शन में छात्रावास के खिलाड़ियों को नियमित रूप से उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। गुरजीत के खेल में तकनीकी सुधार, रणनीतिक समझ और बल्लेबाजी कौशल में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिसका परिणाम उनके राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के रूप में सामने आया है।
गुरजीत की इस उपलब्धि से न केवल टिहरी गढ़वाल बल्कि पूरे उत्तराखण्ड में खुशी की लहर है और यह अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित