टिहरी , अगस्त 01 -- उत्तराखंड में टिहरी गढ़वाल की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्वेता चौबे ने कांवड़ मेला-2026 के दौरान शनिवार को मुनि की रेती क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने विभिन्न ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) से संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मेला ड्यूटी में सहयोग कर रहे एसपीओ को टी-शर्ट, टोपी और पहचान पत्र वितरित कर उनके कार्य की सराहना की तथा पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ ड्यूटी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।

एसएसपी ने कांवड़ यात्रा पर आए श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर उन्हें फल, जूस और पेयजल वितरित किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से सुरक्षित एवं अनुशासित यात्रा करने तथा पुलिस द्वारा जारी यातायात एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील भी की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने खोया-पाया केंद्र का भी निरीक्षण किया और वहां तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि भीड़ में बिछड़ने वाले बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सहायता पूरी संवेदनशीलता, धैर्य और तत्परता के साथ की जाए, ताकि प्रत्येक जरूरतमंद को तत्काल मदद मिल सके।

एसएसपी श्वेता चौबे ने अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात, प्रभावी भीड़ प्रबंधन, गंगा घाटों की सतत निगरानी तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टिहरी पुलिस कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और सकुशल संपन्न कराने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित