अगरतला , सितंबर 29 -- टिपराहा स्वदेशी प्रगतिशील क्षेत्रीय गठबंधन (टिपरा मोथा) ने ग्राम समिति चुनाव के अपने उम्मीदवार और समर्थकों पर गोली चलाने वाले आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के लिए त्रिपुरा पुलिस और राज्य चुनाव आयोग को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

पार्टी के विधायक रंजीत देबबर्मा और त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (एडीसी) के मुख्य कार्यकारी सदस्य रुनियल देबबर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) के सचिव अनुराग सेन से मुलाकात की और गमारिया में हुई घटना पर जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के अनुसार मतदान के दौरान वारेंगबारी वार्ड नंबर 2 में हथियारबंद लोगों ने मोथा उम्मीदवार खाचिंद्र रेआंग (36) और पार्टी समर्थकों नैथोक जमातिया (26) और उदैराम रेआंग (40) पर हमला किया। पार्टी का कहना है कि श्री खाचिंद्र के पेट में गोली लगी, जबकि श्री उदैराम के पैर के निचले हिस्से में गोली मारी गई। इसके बाद श्री खाचिंद्र को इलाज के लिए अगरतला ले जाया गया लेकिन उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

उन्होंने पुष्टि की कि संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है और अधिकारियों से बिना किसी देरी के आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। श्री देबबर्मा ने एसईसी के साथ बैठक के बाद कहा कि घटना के काफी समय बीत जाने के बावजूद पुलिस ने पर्याप्त तत्परता नहीं दिखाई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित