भिवानी , जून 25 -- हरियाणा के भिवानी थाना साइबर क्राइम भिवानी पुलिस ने टाटा सोलर एजेंसी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, भिवानी निवासी सुनील ने शिकायत दर्ज करवायी थी कि वह विभिन्न कंपनियों की सोलर एजेंसियां संचालित करता है। नयी सोलर एजेंसी लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के दौरान कुछ लोगों ने फर्जी वेबसाइट के माध्यम से खुद को टाटा सोलर एजेंसी उपलब्ध करवाने वाला बताकर उससे अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजैक्शनों के जरिए कुल 8,72,200 रुपये की राशि ठग ली। न तो एजेंसी दी गयी और न ही रकम वापस की गयी।

शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना भिवानी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गयी। जांच के दौरान सहायक उप निरीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पटना (बिहार) से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आर्यन, अभिषेक कुमार और इंद्रलोक के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आर्यन और अभिषेक लोगों को कॉल कर ठगी करते थे, जबकि इंद्रलोक उन्हें जरूरी जानकारी उपलब्ध कराता था। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी। मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित