मुंबई , अक्टूबर 27 -- टाटा मोटर्स ने इटली की ट्रक निर्माता कंपनी 'इवेको' के लगभग 88 प्रतिशत शेयर हासिल करने की स्वीकार्यता प्राप्त करने के साथ उसका अधिग्रहण पूरा कर लिया है।
टाटा मोटर्स ने मंगलवार को शेयर बाजारों बताया कि इवेको के लगभग 12 प्रतिशत शेयरधारकों ने अधिग्रहण सौदे से जुड़े प्रस्तावों के खिलाफ वोट किया था, जबकि 35 प्रतिशत ने कोई वोट नहीं दिया। वहीं, लगभग 53 प्रतिशत शेयरधारकों ने टाटा मोटर्स द्वारा किए जा रहे इस अधिग्रहण के पक्ष में वोट दिया।
बयान के अनुसार, इवेको के जिन शेयरधारकों ने शुरुआती स्वीकार्यता अवधि के दौरान अपने शेयर नहीं सौंपे थे, उन्हें ओपन ऑफर में भाग लेने का एक और मौका मिलेगा। अनंतिम परिणामों की पुष्टि और बाकी शर्तों के पूरा होने के बाद स्वीकार्यता अवधि 02 नवंबर से 06 नवंबर तक पांच दिन के लिए फिर से खोली जाएगी। जो शेयरधारक इस दौरान अपने शेयर सौंपेंगे, उन्हें 13 नवंबर को भुगतान कर दिया जाएगा।
शेयर सौंपने की प्रक्रिया को फिर से खोलने का निर्णय 16 अक्टूबर को इवेको की असाधारण आम बैठक में पारित एक प्रस्ताव के बाद लिया गया है। इस प्रस्ताव के तहत, ऑफर के लिए न्यूनतम शेयरधारिता की सीमा को कंपनी की जारी और बकाया कॉमन शेयर पूंजी (ट्रेजरी शेयरों को छोड़कर) के 95 प्रतिशत से घटाकर 80 प्रतिशत कर दिया गया था। मौजूदा स्वीकार्यता स्तर 87.81 प्रतिशत है जो इस संशोधित सीमा से अधिक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित