अजमेर , जुलाई 28 -- देश की बड़ी एकीकृत विद्युत कंपनी टाटा पावर ने राजस्थान के अजमेर शहर में अपने 'ईज़ी होम ऑटोमेशन सॉल्यूशंस' की शुरुआत की है, जिसके ज़रिए अब यहां ऐप से चलने वाली बेहद आसान और स्मार्ट होम टेक्नोलॉजी मिलेगी, जो बिजली बचाने में मदद करेगी।

कंपनी के नेशनल हेड (ग्रुप कैप्टिव एवं एंटरप्राइज अकाउंट्स) कौशिक सान्याल एवं टाटा पावर अजमेर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संदीप धमीजा ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इससे बिजली बचत के साथ एक बड़ा फायदा पर्यावरण को भी होगा और इस तकनीक से जितनी बिजली बचती है, वह हर साल करीब 1.1 टन कार्बन उत्सर्जन को कम करती है जो कि सालाना लगभग 15 पेड़ लगाने के बराबर है।

उन्होंने बताया कि टाटा पावर ईज़ी होम की मदद से लोग अपने फोन से ही घर के लाइट, पंखे, एसी और अन्य उपकरणों को नियंत्रण कर सकते हैं। इसके अलावा एलेक्सा या गूगल असिस्टेंट की मदद से सिर्फ आवाज़ देकर (वॉयस कमांड से) भी इन्हें चलाया जा सकता है। इस सिस्टम में स्मार्ट सॉकेट, टच पैनल स्विच, रेट्रोफिटेबल कनवर्टर और मोशन सेंसर शामिल हैं, जो बिना किसी नए वायरिंग, ड्रिलिंग या तोड़-फोड़ के मौजूदा घरों में आसानी से फिट हो जाते हैं। यह नये घरों के साथ-साथ पुराने घरों और किराये के फ्लैटों के लिए भी उतना ही उपयोगी है।

उन्होंने बताया कि कई बड़े और ज़्यादा बिजली खपत वाले उपकरणों का इस्तेमाल करने वाले एक सामान्य शहरी परिवार के लिए 'ईज़ी होम' सालाना बिजली की खपत को करीब 15 प्रतिशत तक कम कर सकता है और हर साल 1300 यूनिट से ज़्यादा बिजली और करीब 10 हजार की बचत होगी। कुछ परिवार तो अपने बिजली बिल में 20 प्रतिशत तक की बचत भी कर सकते हैं। इस बचत का एक बड़ा हिस्सा एयर कंडीशनर और गीज़र जैसे भारी बिजली खपत वाले उपकरणों के स्मार्ट इस्तेमाल से आता है।

इसमें ऑटोमेटेड शेड्यूलिंग (तय समय पर चालू-बंद होना) और ऐप पर मिलने वाली यूसेज रिपोर्ट बेवजह की कूलिंग और ज़रूरत से ज़्यादा समय तक उपकरण चलने की आदत को कम करती हैं।अजमेर जैसे शहर के लिए जहां लंबी गर्मियों के कारण घरों में एसी एवं कूलर की ज़रूरत ज़्यादा होती है और बिजली की खपत बढ़ जाती है, वहां स्मार्ट ऑटोमेशन ऊर्जा दक्षता बढ़ाने में बहुत अहम भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने बताया कि इंटेलिजेंट एसी ऑप्टिमाइजेशन यानी एसी को ज़रूरत के हिसाब से चलाना, कमरे में लोगों की मौजूदगी पर आधारित कंट्रोल और उपकरणों की शेड्यूलिंग से आराम से समझौता किये बिना बेवजह होने वाली बिजली की खपत को रोकने में मदद मिलती है।

उन्होंने बताया कि इसमें दिया गया इंटेलिजेंट ओवरलोड प्रोटेक्शन एसी, गीज़र और भारी बिजली खपत वाले अन्य उपकरणों की सुरक्षा करता है। वोल्टेज के उतार-चढ़ाव या अचानक बिजली का झटका लगने के दौरान यह उन्हें सुरक्षित रूप से बंद कर देता है। इसे घर में लगाने के लिए बिना किसी बदलाव के मौजूदा स्विचबोर्ड पर ही लगाया जा सकता हैं।

उन्होंने बताया कि कंपनी ने यह कदम अजमेर में तेज़ी से बढ़ते शहरीकरण, नये आवासीय इलाकों के विस्तार और डिजिटल तकनीकों को अपनाने की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए उठाया गया है। अजमेर में इसकी शुरुआत का उद्देश्य केवल बड़े महानगरों तक इसे सीमित न रखकर, देश के हर छोटे-बड़े शहर में आसान, सुरक्षित और बिजली बचाने वाली स्मार्ट होम टेक्नोलॉजी को पहुंचाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित