गुरुग्राम , मई 28 -- टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (टीएमपीवी) ने गुरुवार को बेहतर लुक, बेहतर डिजाइन और बेहतर सुरक्षा फीचरों के साथ नयी पीढ़ी की हैचबैक कार टियागो और टियागो.ईवी पेश किये।
टीएमपीवी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेश चंद्रा ने यहां एक कार्यक्रम में इनकी पहली झलक दिखाते हुए बताया कि नयी पीढ़ी के टियागो पेट्रोल के विभिन्न संस्करणों की एक्स-शोरूम कीमत 4,69,990 रुपये से 7,29,990 रुपये रखी गयी है। सीएनजी इंजन वाले टियागो आईसीएनजी की एक्स-शोरूम कीमत 5,79,990 लाख रुपये से 7,99,990 लाख रुपये तक है।
टियागो.ईवी की एक्स-शोरूम कीमत 6,99,990 लाख रुपये से 9,99,990 लाख रुपये तक है। इसके अलावा ग्राहकों के पास 4,69,990 लाख रुपये में कार खरीदने और बैटरी-एज-ए-सर्विस के लिए प्रति किलोमीटर 2.60 रुपये की दर से ईएमआई भरने का विकल्प भी होगा। इसकी गणना प्रति दिन 44 किलोमीटर की औसत ड्राइविंग के आधार पर की गयी है।
श्री चंद्रा ने कहा कि अगली पीढ़ी के टियागो में बाहरी लुक में काफी बदलाव किये गये हैं। साथ ही प्रीमियम इंटीरियर फीचर भी दिये गये हैं। सुरक्षा के लिए सभी संस्करण छह-छह एयरबैग,360 डिग्री सराउंड व्यू सिस्टम और ब्लाइंड व्यू मॉनीटर से लैस हैं। उन्होंने कहा कि नये टियागो और टियागो.ईवी ने फीचरों को प्रीमियम कारों की सीमा से बाहर निकालकर आम कर दिया है।
कंपनी टियागो.ईवी के लिए पहली बार बैटरी पर लाइफटाइम वारंटी दी जा रही है। इसके साथ ही कंपनी के पूरे पोर्टफोलियो में अब बैटरी पर लाइफटाइम वारंटी लागू हो गयी है।
टीएमपीवी के उत्पाद विकास के प्रमुख अनिल कुमार चिगुल्लापल्ली ने बताया कि कंपनी ने अगली पीढ़ी के टियागो और टियागो.ईवी पेश करते समय सुरक्षा फीचरों पर पूरा ध्यान दिया है। इसकी बॉडी को एसयूवी जैसा मजबूत बनाया गया है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये चाइल्ड सीट लगाने के लिए बिल्ट-इन प्वाइंट्स हैं। इनमें अल्ट्रा व्यू 26.03 एचडी टचस्क्रीन इनफोटेंनमेंट, वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो और आईआईए कनेक्टिविटी दी गयी है।
टियागो.ईवी की बैटरी 30 मिनट में पूरा चार्ज होती है। यह 18 सेकेंड में शून्य से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल करने में सक्षम है। इसमें जिपफास्ट 65डब्ल्यू टाइप-सी यूएसवी चार्जर है।
देश में पहली बार सीएनजी में ऑटो-गियर का फीचर दिया गया है।
सीएनजी इंजन वाले टियागो को स्मार्ट, प्योर, प्योर , प्योर ए और क्रिएटिव संस्करणों में पेश किया गया है। पेट्रोल इंजन में इनके अलावा क्रिएटिव संस्करण भी है। टियागो और टियागो.ईवी दोनों को छह-छह रंगों में पेश किया गया है।
टियागो पेट्रोल और टियागो आईसीएनजी में 1.2 लीटर का तीन सिलिंडर वाला एनए रिवोट्रॉन इंजन है। छह हजार आरपीएम पर पेट्रोल इंजन 86 पीएस और सीएनजी इंजन 75.5 पीएस की शक्ति पैदा करता है। इनका टॉर्क क्रमशः 3,300 आरपीएम पर 113 न्यूटन मीटर और 96.5 न्यूटन मीटर है।
दोनों की लंबाई 3.813 मीटर, चौड़ाई 1.684 मीटर और ऊंचाई 1.535 मीटर है। इनका व्हील बेस 2.400 मीटर है।
सभी नये टियागो में जीपीएस के साथ शार्क फिन एंटेना दिये गये हैं। इनके इंटीरियर प्रीमियम डुएल टोन थीम में डिजाइन किये गये हैं। आगे की तरफ दो स्मार्टफोन रखने के लिए डेक दिये गये हैं जो वायरलेस चार्जर से लैस हैं।
इनमें तापमान नियंत्रण पूरी तरह से ऑटोमेटिक है। पीछे की सीट के यात्रियों के लिए भी एसी वेन्ट हैं। ड्राइवर की सीट की ऊंचाई कम-ज्यादा की जा सकती है। अंधेरा होने पर इनके हेडलैम्प अपने-आप ऑन हो जाते हैं। बारिश होने पर वाइपर्स अपने-आप सक्रिय हो जाते हैं और बारिश की तेजी के अनुसार उनकी गति कम ज्यादा होती है।
पीछे के शीशे के लिए भी वाइपर और रियर डिफॉगर दिये गये हैं ताकि हमेशा पीछे देखना आसान हो। कार पार्क करने के बाद भी कुछ देर के लिए हेडलैम्प ऑन रहते हैं ताकि कार से उतरकर पार्किंग या किसी अंधेरी जगह से कुछ दूर जाने में दिक्कत न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित