मुंबई , अगस्त 07 -- गहने, घड़ियां, चश्मे आदि बनाने वाली टाटा समूह की कंपनी टाइटन को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 1,777 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ जो सालाना आधार पर 63 प्रतिशत अधिक है।

निदेशकमंडल की बैठक के बाद जारी वित्तीय परिणामों में कहा गया है कि गत 30 जून को समाप्त तिमाही में कंपनी की कुल आय 40 प्रतिशत बढ़कर 20,753 करोड़ रुपये हो गयी। उसकी कर पूर्व आय 2,429 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले के मुकाबले 64 प्रतिशत अधिक है।

कंपनी ने बताया कि उसके गहने का कारोबार 43 प्रतिशत बढ़कर 18,253 करोड़ रुपये हो गया। इसमें त्योहारी मौसम और अक्षय तृतीय की मांग का भी योगदान रहा। गहनों का भारतीय कारोबार 38 प्रतिशत बढ़कर 16,943 करोड़ रुपये हो गया। अंतरराष्ट्रीय कारोबार 136 प्रतिशत बढ़कर 1,309 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

घड़ियों का कारोबार 21 फीसदी बढ़कर 1,543 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। आईकेयर खंड में भी 21 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी और यह 289 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित