धार , सितंबर 08 -- मध्यप्रदेश के धार जिले के कुक्षी और आसपास के आदिवासी अंचल के लिए लंबे इंतजार के बाद रेल कनेक्टिविटी का सपना साकार होने जा रहा है। टांडा रोड रेलवे स्टेशन से मंगलवार को पहली बार यात्री ट्रेन का संचालन शुरू होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के वडोदरा से वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर यात्री सेवा का शुभारंभ करेंगे।

टांडा रोड स्टेशन पर रेलवे द्वारा आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं धार की सांसद सावित्री ठाकुर सहित भाजपा के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के लोग शामिल होंगे। इसके साथ ही धार-छोटाउदयपुर रेल परियोजना के टांडा रोड-डेकाकुंड रेल खंड पर नियमित यात्री सेवा शुरू हो जाएगी।

प्रस्तावित समय-सारणी के अनुसार मेमू ट्रेन सुबह 5:30 बजे प्रतापनगर वडोदरा से रवाना होकर जोबट के रास्ते करीब 9:30 बजे टांडा रोड पहुंचेगी। ट्रेन दिनभर टांडा रोड स्टेशन पर रुकेगी और शाम 5 बजे वडोदरा के लिए रवाना होकर रात करीब 9 बजे प्रतापनगर वडोदरा पहुंचेगी।

पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अनुपम सक्सेना के अनुसार धार-छोटाउदयपुर रेल परियोजना की कुल लागत करीब 3,900 करोड़ रुपये है। टांडा रोड से डेकाकुंड तक 16 किलोमीटर रेल लाइन बिछाने में करीब 435 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। हालांकि टांडा रोड से तिरला-धार तक 46 किलोमीटर रेल लाइन का काम अभी शेष है।

केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि टांडा रोड से यात्री रेल सेवा शुरू होने से कुक्षी और आसपास के आदिवासी क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बड़ी सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्र में व्यापार, रोजगार, शिक्षा और पर्यटन के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है। लंबे समय से रेल सेवा का इंतजार कर रहे क्षेत्रवासियों के लिए यह ऐतिहासिक शुरुआत होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित