टनकपुर/चम्पावत , मई 13 -- उत्तराखंड में चंपावत जिले के टनकपुर में मंगलवार देर रात शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग जाने से छह दुकानें जलकर खाक हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना कल देर रात पुरानी तहसील के पास मेला टंकी के पास हुई। बताया जा रहा इससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर छह दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। हादसे में व्यापारियों का लाखों रुपये का सामान आग की भेंट चढ़ गया।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम अग्निशमन अधिकारी अमर सिंह अधिकारी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि और दुकानें इसकी चपेट में नहीं आई।

आग की चपेट में जिन व्यापारियों की दुकानें आयीं उनमें रुचि वर्मा, श्याम, रामप्रकाश, करण, देवेंद्र और सतपाल सिंह शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि शार्ट सर्किट के चलते आग लगी। आग से कोई जनहानि नहीं हुई है। साथ आग से नुकसान का जायजा लगाया जा रहा है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पीड़ित परिवारों से वार्ता कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है। उन्होंने तहसीलदार एवं राजस्व उप निरीक्षक को तत्काल नुकसान का आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित