पीलीभीत , जुलाई 6 -- केंद्रीय राज्य मंत्री एवं पीलीभीत सांसद जितिन प्रसाद ने सोमवार को पीलीभीत रेलवे स्टेशन से टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रेल सेवा के शुरू होने से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्र का महाराष्ट्र स्थित तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब से सीधा रेल संपर्क स्थापित हो गया है। साथ ही टनकपुर-पीलीभीत रेल सेवा का विस्तार शाहजहांपुर तक कर दिया गया है।
पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में जितिन प्रसाद ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को रवाना किया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू तथा केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा भी वर्चुअल रूप से शामिल हुए।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने संबोधन में कहा कि यह नई रेल सेवा सांसद जितिन प्रसाद के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि पीलीभीत से अमृतसर के लिए नई रेल सेवा चलाने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा। श्री प्रसाद ने कहा कि तराई क्षेत्र, विशेषकर पूरनपुर क्षेत्र, जिसे 'मिनी पंजाब' के नाम से जाना जाता है, वहां बड़ी संख्या में सिख समुदाय निवास करता है। अब उन्हें महाराष्ट्र स्थित पवित्र तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब की यात्रा के लिए सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि यह सेवा आस्था के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास और संपर्क को भी मजबूत करेगी।
उन्होंने बताया कि टनकपुर से चलकर पीलीभीत होते हुए शाहजहांपुर तक नई पैसेंजर रेल सेवा के विस्तार से स्थानीय व्यापार, आवागमन और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही महाराष्ट्र और पश्चिमी भारत से पीलीभीत की सीधी रेल कनेक्टिविटी स्थापित होगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग मौजूद रहे। उन्होंने नई रेल सेवा का स्वागत करते हुए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया और "जो बोले सो निहाल" के जयकारे लगाए।
श्री प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में क्षेत्र के रेल नेटवर्क का लगातार विस्तार हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में पीलीभीत को अमृतसर के श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) से जोड़ने के लिए भी रेल सेवा शुरू की जाएगी, जिससे सिख श्रद्धालुओं को और अधिक सुविधा मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित