फिरोजाबाद , सितंबर 17 -- फिरोजाबाद जिले में सिरसागंज के अरांव क्षेत्र के गांव भोगापुर में बुखार की दवा लेने झोलाछाप चिकित्सक के पास पहुंचे 50 वर्षीय व्यक्ति की इंजेक्शन लगने के बाद हालत बिगड़ गई।
परिजन का आरोप है कि हालत बिगड़ते ही चिकित्सक क्लीनिक छोड़कर भाग गया। परिजन उसे ट्रामा सेंटर और बाद में आगरा के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया है। गांव भोगापुर निवासी राजवीर सिंह बुधवार शाम पड़ोसी विद्याराम के साथ गांव में ही एक झोलाछाप के क्लीनिक पर बुखार की दवा लेने गया था। परिजन के मुताबिक, चिकित्सक ने राजवीर को इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और मुंह से झाग निकलने लगा। आरोप है कि इसके बाद चिकित्सक क्लीनिक बंद कर वहां से चला गया। परिजन राजवीर को लेकर आसपास के निजी चिकित्सकों के पास पहुंचे। वहां से उसे ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन संतुष्टि के लिए उसे आगरा के एक निजी अस्पताल भी ले गए, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के तहेरे भाई सुनील कुमार ने आरोप लगाया कि झोलाछाप चिकित्सक के गलत इंजेक्शन लगाने से राजवीर की हालत बिगड़ी। राजवीर तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। वह सिलाई मशीन और गैस-चूल्हे की मरम्मत का काम कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी गीता, दो बेटियां और एक बेटा हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित