चंडीगढ़ , अक्टूबर 20 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने दावा किया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे से नशा तस्करों को स्पष्ट संदेश मिला है कि उनके दिन अब गिने-चुने हैं और पंजाब जल्द नशामुक्त होगा।
श्री ढिल्लों ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने गृह मंत्री के साथ गुरदासपुर में बिक्रमजीत सिंह, संगरूर के तरबनजारा में गुलजार सिंह और मानसा में परविंदर सिंह झोटा के परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि सभी परिवारों को न्याय का भरोसा दिया गया है। उनके अनुसार, आम आदमी पार्टी सरकार नशे पर अंकुश लगाने में विफल रही है और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की हत्याएं हो रही हैं।
झोटा हत्याकांड की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने के पंजाब सरकार के फैसले पर श्री ढिल्लों ने आरोप लगाया कि यह कदम न्याय सुनिश्चित करने की मंशा से नहीं, बल्कि श्री शाह के दौरे को लेकर सरकार की घबराहट के कारण उठाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अब तक मामले को निजी रंजिश का रूप देकर दबाने का प्रयास किया। इसके लिए उसे झोटा के परिवार और पंजाब की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच सीबीआई को सौंपना इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में सक्षम नहीं है। उन्होंने बताया कि भाजपा ने 13 अक्टूबर को पंजाब के राज्यपाल को पत्र लिखकर मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी, क्योंकि पार्टी को राज्य सरकार से कार्रवाई की उम्मीद नहीं थी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि केवल झोटा हत्याकांड ही नहीं, बल्कि नशे से जुड़े ऐसे सभी मामलों की जांच सीबीआई को सौंपी जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि आप सरकार अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकती और दावा किया कि पंजाब की जनता उसे सत्ता से हटाने का फैसला करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित