मानसा/चंडीगढ़ , अक्टूबर 17 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने शनिवार को परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर मानसा में चल रहे धरने में शामिल होकर मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग दोहराई।

उन्होंने पंजाब के लोगों से आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के लिए काली पगड़ियां और काली चुनरियां पहनने तथा काले झंडे लेकर प्रदर्शन करने की अपील की। उन्होंने झोटा के माता-पिता भीम सिंह और उनकी पत्नीसे मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

धरने को संबोधित करते हुए श्री ढिल्लों ने कहा कि परविंदर सिंह झोटा ने पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए आवाज उठाई थी। उन्होंने कहा कि झोटा के संघर्ष और बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

श्री ढिल्लों ने अपील की कि जब तक झोटा हत्याकांड में न्याय नहीं मिलता, तब तक लोग काली पगड़ियां और चुनरियां पहनकर तथा काले झंडे लेकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराएं। उनके इस आह्वान का धरने में मौजूद लोगों ने नारों के साथ समर्थन किया।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार पंजाब में नशे की समस्या पर अंकुश लगाने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के तीन महीने के भीतर नशा खत्म करने का वादा करने वाली सरकार के कार्यकाल में राज्य में नशीले पदार्थ का कारोबार जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि नशीले पदार्थ के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबाया जा रहा है।

श्री ढिल्लों ने इस दौरान तूर वनजारा के गुलजार सिंह का भी उल्लेख किया और आरोप लगाया कि नशों के खिलाफ आवाज उठाने के बाद उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने गायक सिद्धू मूसेवाला और कबड्डी खिलाड़ी संदीप नांगल अंबियां की हत्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि उनके परिवार भी अब तक न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

श्री ढिल्लों ने कहा कि उन्हें पंजाब सरकार से झोटा हत्याकांड में न्याय मिलने की कम उम्मीद है। उन्होंने बताया कि मामलेकी सीबीआई जांच की मांग को लेकर उन्होंने पहले ही दिन पंजाब के राज्यपाल को पत्र लिखा था। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उनके अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने झोटा हत्याकांड सहित तीन मामलों में पंजाब सरकार से जवाब मांगा है। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई में भाजपा हर स्तर पर उसके साथ खड़ी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित