चंडीगढ़ , अक्टूबर 14 -- पंजाब के मानसा में नशा विरोधी सामाजिक कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को पंजाब में 36 स्थानों पर प्रदर्शन किए।

पार्टी के प्रदेश महासचिव अनिल सरीन ने बताया कि जिला मुख्यालयों पर धरने देकर आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और उपायुक्तों के माध्यम से राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की गई।

श्री सरीन के अनुसार, झोटा लंबे समय से मानसा में नशा तस्करी और नशीले पदार्थों की कथित अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। पार्टी ने कहा कि 13 अक्टूबर को दिनदहाड़े उनकी हत्या किए जाने से नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हुए हैं।

भाजपा नेताओं ने दावा किया कि मृतक के पिता ने अपने बयान में स्थानीय विधायक का नाम लिया है। पार्टी ने यह भी कहाकि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली चलाने से पहले हमलावर ने किसी से फोन पर बात की थी। भाजपा ने इन पहलुओं की जांच कर हत्या के पीछे संभावित साजिश का पता लगाने की मांग की।

ज्ञापन में भाजपा ने हत्या की जांच तुरंत सीबीआई को सौंपने, हमलावर के कॉल रिकॉर्ड, व्हाट्सऐप संदेश, सीसीटीवी फुटेज और फेसबुक लाइव प्रसारण सहित सभी डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने तथा पीड़ित परिवार, विशेषकर नाबालिग बच्चों को पुलिस सुरक्षा देने की मांग की।

पार्टी ने पंजाब में नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क और उसे कथित राजनीतिक संरक्षण मिलने के आरोपों की व्यापक जांच कराने के साथ मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ बिना किसी राजनीतिक दबाव के सख्त कार्रवाई की मांग भी की।

भाजपा ने आरोप लगाया कि झोटा की हत्या राज्य की कानून-व्यवस्था और नशा तस्करी से जुड़े कथित गठजोड़ पर गंभीर सवाल उठाती है। पार्टी ने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित