चंडीगढ़ , अक्टूबर 13 -- पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मानसा में नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले परविंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े हत्या को लेकर भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस घटना ने राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति उजागर कर दी है।
राजा वड़िंग ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि झोटा नशे की समस्या के खिलाफ आवाज उठा रहे थे, लेकिन बाजार क्षेत्र में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। इससे नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ काम करने वालों की सुरक्षा और राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था बनाए रखने की क्षमता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि इस हत्या ने सरकार की विफलता उजागर कर दी है। राजा वड़िंग ने सवाल किया कि जब नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की क्या स्थिति होगी।
कांग्रेस सांसद ने हत्या के लिए जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए पूछा कि इस घटना की जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने कहा कि इस मामले ने पंजाब में नशे की समस्या और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार के दावों पर फिर सवाल खड़े करदिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित