रायपुर , जुलाई 19 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार सुशासन, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने रायपुर में झेरिया यादव समाज के सामाजिक भवन के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ग्राम बरौदा में आयोजित झेरिया यादव समाज के महासम्मेलन एवं नवनिर्मित सामाजिक भवन के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सामाजिक भवन का लोकार्पण भी किया।

श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने ढाई वर्षों में अधिकांश "मोदी गारंटी" पूरी कर जनविश्वास मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि यादव समाज भारतीय संस्कृति, गौ-सेवा, सामाजिक समरसता और जीवन मूल्यों का संवाहक रहा है तथा संगठित समाज ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला होता है।

उन्होंने कहा कि सरकार गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए, जबकि विशेष पिछड़ी जनजातियों (पीवीटीजी) के लिए 32 हजार अतिरिक्त आवास मंजूर किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपये की राशि अंतरित की जा रही है, जिससे उनके आर्थिक सशक्तिकरण को बल मिला है।

साय ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद के प्रभाव में कमी आने के साथ विकास कार्यों में तेजी आई है और सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास तथा रोजगार जैसी सुविधाओं का विस्तार अंतिम गांव तक किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या धाम के दर्शन कर चुके हैं। राज्य सरकार "विकास भी और विरासत भी" के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित