पटना , मई 11 -- बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने सोमवार को पार्टी के नवनिर्वाचित प्रवक्ताओं से झूठ और भ्रामक प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब देने का आह्वान करते हुए कहा कि आज की राजनीति में लड़ाई केवल चुनाव की नहीं, बल्कि नैरेटिव और संवाद की भी है।

श्री अल्लावरु ने यहां कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में राष्ट्रीय प्रतिभा खोज के माध्यम से चयनित प्रवक्ताओं, पैनलिस्टों और कार्यक्रम शोधकर्ताओं के लिए आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रवक्ता की जिम्मेदारी केवल टेलीविजन बहसों या सार्वजनिक मंचों पर पार्टी का पक्ष रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि सत्य और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना भी है।उन्होंने कहा कि चयनित प्रतिभागियों को अपने ज्ञान, तर्क क्षमता और संवाद कौशल को लगातार बेहतर बनाना होगा, जिससे वे पार्टी की विचारधारा को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचा सकें और गलत सूचनाओं का मुकाबला कर सकें।

कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि राजनीतिक संवाद और जनसंपर्क में साहस और आत्मविश्वास बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि केवल वही लोग जनता का विश्वास और समर्थन हासिल कर सकते हैं, जो पूरी तैयारी और दृढ़ता के साथ अपनी बात रखते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित