हैदराबाद , मार्च 07 -- तेलंगाना के भुवनगिरि से कांग्रेस सांसद चमाला किरण कुमार रेड्डी ने शनिवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) नेता के. टी. रामाराव और टी. हरीश राव के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि वे मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और कांग्रेस सरकार के खिलाफ "झूठा प्रचार" कर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष से रचनात्मक भूमिका निभाने का भी आग्रह किया।

श्री रेड्डी ने वीडियो बयान में कहा कि तेलंगाना सरकार ने 99-दिवसीय 'जन शासन प्रगति योजना' शुरू किया है, जिसके तहत सरकार सीधे जनता से संवाद कर पिछले दो वर्षों में लागू की गयी कल्याणकारी और विकास योजनाओं पर उनकी राय लेगी।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत और नगर निकाय चुनावों के बाद मुख्यमंत्री रेड्डी द्वारा यह कार्यक्रम शुरू करना एक अच्छा निर्णय है, जिससे सरकार को जनता की राय समझने और शासन व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि केटीआर और हरीश राव इस कार्यक्रम को बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं क्योंकि वे नहीं चाहते कि लोग कांग्रेस सरकार के कार्यों को सकारात्मक रूप से याद रखें।

उन्होंने कहा कि यह सरकार को जनता के बीच जाने से रोकने की साजिश है। उन्होंने यह भी कहा कि बीआरएस नेताओं ने कभी सत्ता खोने की कल्पना नहीं की थी और उन्हें लगता था कि उनका शासन स्थायी रहेगा।

पूर्व बीआरएस सरकार की आलोचना करते हुए सांसद रेड्डी कहा कि उसने प्रगति भवन तो बनाया लेकिन राज्य को प्रगतिशील शासन नहीं दे पाई। उनके अनुसार बीआरएस के 10 साल के शासनकाल में राज्य पर भारी कर्ज और वित्तीय बोझ बढ़ गया।

उन्होंने सवाल किया कि क्या केटीआर और हरीश राव ने कभी अपने कार्यकाल के दौरान मंत्रियों और विधायकों से संवाद किया, या वे केवल फार्महाउस तक सीमित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित