झुंझुनू , मई 24 -- राजस्थान में झुंझुनू जिले के पचेरी कलां थाना क्षेत्र में रविवार को एक सड़क हादसे में एक ऊंटगाड़ी चालक मजदूर की मौत हो गयी। प्राप्त जानकारी के अनुसार माजरी गांव निवासी बृजलाल (45) अपनी ऊंटगाड़ी लेकर डूमोली गांव स्थित ईंट भट्टे पर ईंट भराई के काम के लिए जा रहा था। दिल्ली-झुंझुनू सड़क मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी ऊंटगाड़ी को टक्कर मार दी। इससे बृजलाल की मौके पर ही मौत हो गयी।
सूत्रों ने बताया कि हादसे में ऊंट भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ऊंट का उपचार करवाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव सिंघाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में पहुंचाया जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित