झुंझुनू , मई 20 -- राजस्थान में झुंझुनू जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार को एक डम्पर की चपेट में आने से स्कूटी पर सवार एक महिला की मौत हो गई जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।

थानाधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि पूजा मेघवाल (24) झुंझुनू के राजस्थान कॉलेज से बीएड कर रही थी। बुधवार को उसकी परीक्षा थी। सुबह वह पति मनजीत (29) के साथ सोलाना से निकली थी। दोनों स्कूटी पर थे। इसी दौरान पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे इंडाली गेट के पास गोलाई मोड़ पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनको टक्कर मार दी। इससे पूजा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मनजीत गंभीर रूप से घायल हो गया।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पहुंची और उनके परिजनों को सूचित किया। मनजीत को इलाज के लिये जयपुर भेजा गया। घटना के बाद डम्पर चालक मौके से फरार हो गया।

हादसे के बाद मेघवाल समाज के लोग बीडीके अस्पताल के शवगृह के बाहर इकट्ठा हुए। उन्होंने कार्रवाई नहीं होने तक शव लेने से इन्कार कर दिया। पुलिस उन्हें समझाने का प्रयास कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित