झुंझुनू , सितम्बर 20 -- राजस्थान में झुंझुनू के गुढ़ा फाटक के पास रविवार को सुबह एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान विकास उर्फ आशीष (24) के रूप में हुई है। वह शहर में एक चश्मे की दुकान पर काम करता था। परिजनों के अनुसार सुबह घर से दुकान पर जाने के लिए निकला था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
उधर सूत्रों ने बताया कि युवक रेलवे ट्रैक पर पैदल चल रहा था और उसके कानों में ईयरफोन लगे हुए थे। इसी दौरान लोहारू से जयपुर जाने वाली ट्रेन वहां पहुंची। लोको पायलट ने हॉर्न भी बजाया था, लेकिन ईयरफोन लगे होने के कारण युवक ने हॉर्न की आवाज नहीं सुनी। ट्रेन अचानक पास आने पर युवक संभल पाता, इससे पहले ही वह ट्रेन की चपेट में आ गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित