जगदलपुर , अगस्त 12 -- छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित झीरम घाटी नक्सली हमला मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की विशेष अदालत में अंतिम सुनवाई बुधवार को पूरी हो गयी।
अदालत ने मामले में फैसला सुरक्षित रखते हुए निर्णय सुनाने के लिए 31 अगस्त की तारीख निर्धारित की है।
मामले की अंतिम सुनवाई के तीसरे दिन अभियोजन और बचाव पक्ष ने विशेष अदालत के समक्ष अपनी-अपनी अंतिम दलीलें पेश कीं। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद एनआईए के विशेष न्यायाधीश ने फैसला सुरक्षित रख लिया।
सुनवाई के दौरान एनआईए के वरिष्ठ अधिकारी भी जगदलपुर पहुंचे थे। लंबे समय से न्यायिक प्रक्रिया से गुजर रहे इस मामले में अब 31 अगस्त को आने वाले फैसले पर सभी की नजरें टिकी हैं।
उल्लेखनीय है कि 25 मई 2013 को बस्तर के दरभा क्षेत्र स्थित झीरम घाटी में हुए वीभत्स नक्सली हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था। घटना के करीब 13 वर्ष बाद मामले में फैसला आने की तारीख तय हुई है। इस बहुचर्चित प्रकरण के फैसले को लेकर छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर संभाग में काफी उत्सुकता बनी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित