मनेन्द्रगढ़ , मई 25 -- छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में झीरम घाटी कांड की 13वीं बरसी पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आज श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, कोरबा सांसद ज्योत्स्ना महंत, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, पूर्व विधायक गुलाब कमरो, डॉ. विनय जायसवाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरव मिश्रा सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

डॉ. चरणदास महंत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, "झीरम घाटी की घटना को 13 साल बीत चुके हैं, लेकिन पीड़ित परिवारों को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है।" उन्होंने इस घटना को छत्तीसगढ़ की राजनीति और प्रदेश के इतिहास का "एक काला अध्याय" बताते हुए कहा कि इसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश के गृहमंत्री द्वारा नक्सलवाद समाप्त होने के दावे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "अब यह देखना होगा कि सरकार आत्मसमर्पण कर लौटे नक्सलियों के पुनर्वास, उनके रहने की व्यवस्था, बच्चों की शिक्षा और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए क्या कदम उठाती है।"डॉ. महंत ने कहा कि केवल नक्सलवाद खत्म होने का दावा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी शांति और विकास सुनिश्चित करना भी सरकार की जिम्मेदारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित