छिंदवाड़ा , अक्टूबर 31 -- मध्य प्रदेश के बालाघाट से इंदौर जा रही यात्रियों से भरी एक बस शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे दमुआ थाना क्षेत्र के झिरीघाट में अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे में बस में सवार 17 यात्री घायल हो गए, जिन्हें दमुआ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को छिंदवाड़ा रेफर कर दिया गया है, जबकि 14 यात्रियों का दमुआ अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, बस बालाघाट से इंदौर की ओर जा रही थी। रात के समय जब बस झिरीघाट पहुंची, तो अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया। इसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीन यात्रियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए छिंदवाड़ा भेज दिया गया है।

दुर्घटना में घायल होने वाले यात्रियों में कविता परते (28), मुस्कान बोरकर (24), नम्रता पथिक (25), धनेन्द्र राहांगडाले, पुष्पेंद्र शिवपाल विश्वकर्मा, अनु छाया कुमरे, संगीता परते, ओम बिसेन और हरदीप भाटिया शामिल हैं।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ब्रेक फेल होना सामने आई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बस में यह तकनीकी खराबी किन परिस्थितियों में आई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित