जयपुर , अप्रैल 30 -- राजस्थान में झालावाड़ जिले की पुलिस ने अवैध सूदखोरी और डांडी ब्याज (ब्याज पर ब्याज) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात सूदखोर को गिरफ्तार किया है।

झालावाड़ जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि आरोपी गरीब और जरूरतमंद लोगों को कर्ज के जाल में फंसाकर ब्याज पर ब्याज वसूलता था और भुगतान में देरी होने पर धमकी, दबाव और गुर्गों के जरिए वसूली करता था। कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से करोड़ों के लेन-देन का रिकॉर्ड और बड़ी मात्रा में दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले लोगों को कम रकम उधार देकर भरोसा जीतता था, फिर उसी रकम पर "डांडी ब्याज" जोड़कर रकम कई गुना बढ़ा देता था। समय पर भुगतान नहीं होने पर पेनल्टी लगाई जाती थी। वसूली के लिए आरोपी ने 10-12 लोगों का अपना नेटवर्क बना रखा था, जो लोगों के घर जाकर धमकी देते और दबाव बनाते थे।

बरामद रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी ने वर्ष 2023 में एक करोड़ 46 लाख 57 हजार रुपये, वर्ष 2024 में एक करोड़ 83 लाख 93 हजार 837 रुपये और वर्ष 2025 में 2 करोड़ 56 लाख 44 हजार 400 रुपये की अवैध ब्याज वसूली की। इस प्रकार तीन वर्षों में कुल 5 करोड़ 86 लाख 95 हजार 237 रुपये की वसूली का खुलासा हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित