रांची , जून 12 -- झारखण्ड पात्रता परीक्षा, 2024 (विज्ञापन सं०-08/2025) के सुचारू संचालन एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए आज समाहरणालय, ब्लॉक-ए सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।

उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था), राँची धनंजय ने की। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, राँची विनय कुमार सहित सभी प्रतिनियुक्त गश्ती-सह-जोनल दण्डाधिकारी, प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षक-सह-स्टैटिक दण्डाधिकारी, केंद्र अधीक्षक एवं परीक्षा से जुड़े समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में अपर जिला दण्डाधिकारी धनंजय द्वारा परीक्षा से संबंधित सभी मानकों पर विस्तृत चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी, नकल-उड़ान रोकथाम, विद्यार्थियों की सुविधा, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

झारखण्ड लोक सेवा आयोग, राँची से प्राप्त सूचना के अनुसार झारखण्ड पात्रता परीक्षा, 2024 14 जून 2026 (रविवार) को 05 (पाँच) उप-केंद्रों पर एक पाली में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 01:00 बजे तक रहेगा। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, फायर ब्रिगेड की तैनाती एवं अन्य आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।

परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र पहुंचने एवं परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। अपर जिला दण्डाधिकारी धनंजय ने कहा कि "यह परीक्षा झारखण्ड के युवाओं के भविष्य से जुड़ी हुई है। इसे पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शांति के साथ सम्पन्न कराना हमारा दायित्व है। सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा से करने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित