रांची , सितंबर 23 -- झारखंड हाई कोर्ट को तीन नए जज मिल गए हैं।

हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस शरदचंद्र सोनक ने बुधवार को तीनों नए न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह हाई कोर्ट परिसर के ग्राउंड फ्लोर पर आयोजित किया गया।

शपथ लेने वाले नए न्यायाधीशों में जस्टिस मनोज प्रसाद, जस्टिस अखिल कुमार और जस्टिस राम शर्मा शामिल हैं। तीनों की नियुक्ति सुपीरियर ज्यूडिशियल सर्विस कैडर से हुई है। इन नियुक्तियों के बाद झारखंड हाई कोर्ट में न्यायाधीशों की कुल संख्या बढ़कर 16 हो गई है।

झारखंड हाई कोर्ट में न्यायाधीशों के कुल 25 स्वीकृत पद हैं। तीन नए जजों की नियुक्ति के बाद भी 9 पद रिक्त हैं। नई नियुक्तियों से हाई कोर्ट में लंबित मामलों की सुनवाई और न्यायिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।

जस्टिस मनोज प्रसाद इससे पहले गढ़वा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे। वहीं जस्टिस अखिल कुमार साहिबगंज के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रह चुके हैं। जस्टिस राम शर्मा डालटनगंज के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

तीनों न्यायाधीशों के शपथ ग्रहण के साथ ही उन्होंने झारखंड हाई कोर्ट में न्यायिक कार्यभार संभाल लिया है। हाई कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ने से विभिन्न मामलों की सुनवाई के लिए उपलब्ध न्यायिक क्षमता में भी इजाफा हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित