रांची , सितंबर 19 -- झारखंड हाईकोर्ट को तीन नए न्यायाधीश मिले हैं।

झारखंड सुपीरियर ज्यूडिशियल सर्विस कैडर के तीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीशों (पीडीजे) को झारखंड हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। इस संबंध में केंद्र सरकार की ओर से अधिसूचना (नोटिफिकेशन) जारी कर दी गयी है।

हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त होने वाले न्यायिक अधिकारियों में गढ़वा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज प्रसाद, साहिबगंज के पीडीजे अखिल कुमार और डालटनगंज के पीडीजे राम शर्मा शामिल हैं।

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने इन तीनों न्यायिक अधिकारियों को झारखंड हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किए जाने की अनुशंसा की थी। कॉलेजियम की अनुशंसा के बाद केंद्र सरकार ने नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी की है।

तीनों न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति के बाद झारखंड हाईकोर्ट में कार्यरत न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। इससे पहले मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक सहित हाईकोर्ट में 13 न्यायाधीश कार्यरत थे।

झारखंड हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के कुल 25 स्वीकृत पद हैं। ऐसे में तीन नई नियुक्तियों के बाद भी हाईकोर्ट में नौ न्यायाधीशों के पद रिक्त रहेंगे।

नई नियुक्तियों से लंबित मामलों की सुनवाई और न्यायिक कार्यों के संचालन में मदद मिलने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित