रांची , सितंबर 18 -- झारखंड सरकार में मंत्री और सिमडेगा से भाजपा की दो बार विधायक रह चुकीं विमला प्रधान का शुक्रवार की रात करीब नौ बजे इलाज के दौरान निधन हो गया।

वह लगभग 69 वर्ष की थीं। उनके निधन की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।

श्रीमती प्रधान पिछले कई महीनों से लीवर संबंधी बीमारी से परेशान थीं। बेहतर इलाज के लिए वह हाल ही में हैदराबाद भी गई थीं। इसके बाद तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर वह घर लौट आई थीं। हालांकि, दोबारा तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सैमफोर्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार रात इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

श्रीमती प्रधान सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2009 और 2014 में लगातार दो बार विधायक निर्वाचित हुई थीं। झारखंड सरकार में मंत्री के रूप में भी उन्होंने जिम्मेदारी संभाली। क्षेत्र में लंबे समय तक सक्रिय राजनीति में रहने के कारण उनकी पहचान सिमडेगा की प्रमुख भाजपा नेताओं में रही।

वह अपने पीछे पति और तीन पुत्रों समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित