धनबाद , जुलाई 14 -- झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मन्नान मल्लिक का मंगलवार को निधन हो गया।
उन्होंने रांची स्थित पल्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समर्थकों और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रदेश के कई नेताओं, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
मन्नान मल्लिक लंबे समय तक धनबाद जिला कांग्रेस के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे। उन्होंने कई वर्षों तक धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में संगठन को मजबूत करने का कार्य किया।
श्री मल्लिक संगठनात्मक क्षमता, सरल व्यक्तित्व और जनता के बीच मजबूत पकड़ के कारण वे कांग्रेस के भरोसेमंद नेताओं में गिने जाते थे। उन्होंने झारखंड सरकार में मंत्री के रूप में भी अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया और अपने कार्यकाल के दौरान जनहित से जुड़े कई मुद्दों को प्राथमिकता दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित