रांची , जुलाई 18 -- झारखंड सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की संयुक्त सचिव मनीषा जोसेफ तिग्गा और अवर सचिव संजय झा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
दोनों अधिकारियों पर सुप्रीम कोर्ट में लंबित एक मामले से संबंधित रिपोर्ट बिना निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए एमिकस क्यूरी को भेजने का आरोप है।
मामला राज्य के सभी थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने से जुड़ा है। इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है और अदालत ने सभी राज्यों को थानों में सीसीटीवी स्थापना की स्थिति संबंधी रिपोर्टएमिकस क्यूरी के माध्यम से प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था।
सरकारी निर्देश के अनुसार गृह विभाग को सूचना प्रावैधिकी विभाग से वास्तविक रिपोर्ट प्राप्त कर उसे आगे भेजना था। लेकिन आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया और सूचना प्रावैधिकी विभाग से रिपोर्ट लेने के बजाय स्वयं रिपोर्ट तैयार कर एमिकस क्यूरी को भेज दी।
सरकार का मानना है कि इस कार्रवाई से राज्य सरकार की स्थिति सुप्रीम कोर्ट के समक्ष प्रभावित हुई। मामले को गंभीर मानते हुए राज्य सरकार ने दोनों अधिकारियों को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित