रांची , जून 29 -- झारखंड के चर्चित शराब घोटाला मामले में पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं हुए।
रोहित उरांव की ओर से ईडी को पत्र लिखकर समय देने की मांग की गई है। कांग्रेस विधायक रामेश्वर उरांव को भी 30 जून को ईडी कार्यालय में बुलाया गया है।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, रोहित उरांव के समय मांगने के बाद अब संभावना जताई जा रही है कि ईडी उन्हें नई तारीख के साथ दोबारा समन जारी कर सकती है। फिलहाल एजेंसी की ओर से अगली तारीख को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
ज्ञातव्य है कि ईडी की ओर से चार अलग-अलग एफआईआर के आधार पर 31 मार्च 2022 को इंफोर्समेंट केस इंफार्मेशन रिपोर्ट (ईसीआइआर) दर्ज की थी। इसी मामले में ईडी ने 23 अगस्त 2023 को झारखंड सरकार के तत्कालीन वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव और शराब माफिया योगेंद्र तिवारी के आवास सहित 36 ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस छापेमारी में रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव के ठिकाने से 30 लाख रुपये नकदी मिले थे। ईडी को मौके से भारी मात्रा में दस्तावेज मिले थे।
25 जून को ईडी ने शराब घोटाला मामले की जांच के सिलसिले में रामेश्वर उरांव और उनके बेटे रोहित उरांव को समन जारी कर रांची स्थित जोनल कार्यालय में पेश होने का निर्देश दिया था। एजेंसी ने उन्हें पूछताछ के दौरान आवश्यक दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख साथ लाने को भी कहा था।
शराब घोटाला मामले की जांच ईडी द्वारा लगातार आगे बढ़ाई जा रही है और इस प्रकरण से जुड़े विभिन्न लोगों से पूछताछ की प्रक्रिया जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित