रामगढ़ , जुलाई 16 -- झारखंड विधानसभा की सदाचार समिति ने गुरुवार को रामगढ़ जिले का दौरा कर परिसदन स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति रामचंद्र सिंह ने की। इस अवसर पर समिति के सदस्य चंद्रदेव महतो भी उपस्थित रहे।

बैठक में अनुकंपा के आधार पर लंबित नियुक्तियों, पेंशन संबंधी मामलों के निष्पादन, जनहितकारी योजनाओं की प्रगति तथा लाभुकों तक योजनाओं की पहुंच की विस्तृत समीक्षा की गई। सभापति ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा सभी विभाग अद्यतन प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराएं।

समीक्षा के दौरान पुलिस विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, खाद्य आपूर्ति, भवन निर्माण, पथ निर्माण, खनन, शहरी एवं ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, कल्याण, कृषि, शिक्षा, निबंधन विभाग तथा जिला योजना समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन, उपलब्धियों, चुनौतियों और उनके समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी समिति के समक्ष रखी।

बैठक को संबोधित करते हुए सभापति रामचंद्र सिंह ने कहा कि सदाचार समिति का उद्देश्य जनहित में पारदर्शी, संवेदनशील और समयबद्ध प्रशासनिक व्यवस्था को बढ़ावा देना है। उन्होंने अधिकारियों से आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय वरीय अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित