जयपुर , जनवरी 13 -- झारखण्ड विधान सभा की राजकीय उपक्रम समिति के सदस्यों ने राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी द्वारा सदन संचालन में किए गए नवाचारों, डिजिटलीकरण, पारदर्शिता तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं में अपनाई गई आधुनिक पहलुओं का यहां अध्ययन किया हैं।

आधिकारिक सूत्रों मंगलवार को यहां बताया कि इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने कहा कि राजस्थान विधानसभा के नवाचार देश की अन्य विधानसभाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। झारखण्ड विधानसभा की राजकीय उपक्रम समिति ने सोमवार को राजस्थान विधानसभा का अध्ययन भ्रमण किया। समिति के सदस्यों ने विधानसभा भवन का निरीक्षण कर सदन की कार्यप्रणाली, प्रक्रियाओं तथा संचालन व्यवस्था की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही परिसर में स्थापित डिजिटल म्यूजियम का भी अवलोकन किया। समिति के सदस्यों ने कहा कि राजस्थान विधानसभा का संग्रहालय अनूठा है। झारखण्ड विधानसभा में भी ऐसा संग्रहालय बनाये जाने के लिए वहां के अध्यक्ष से चर्चा की जायेगी।

अध्ययन भ्रमण के दौरान राजस्थान विधानसभा की राजकीय उपक्रम समिति के सभापति कालीचरण सराफ ने झारखण्ड राजकीय उपक्रम समिति के सभापति निरलपूर्ति का पुष्प गुच्छ भेंट कर हार्दिक स्वागत किया। श्री सराफ ने श्री देवनानी द्वारा किए गए नवाचारों से झारखण्ड राजकीय उपक्रम समिति के सभी सदस्यों को अवगत कराया। इस अवसर पर झारखण्ड समिति के सदस्य संजीव सरदार और जगत मांझी मौजूद थे। राजस्थान विधानसभा की राजकीय उपक्रम समिति के सदस्य अनिल कुमार शर्मा, रीटा चौधरी, संजीव कुमार और श्रवण कुमार बैठक में सहभागिता की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित