रांची , जून 18 -- झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए गुरुवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।

विधानसभा के सभी 81 विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए वोट डाले। मतदान प्रक्रिया निर्धारित समय के भीतर पूरी कर ली गई।

मतदान की शुरुआत भाजपा विधायक नवीन जायसवाल के वोट डालने के साथ हुई, जबकि सबसे अंतिम वोट झामुमो विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने डाला।

राज्यसभा की दो सीटों के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्थित उम्मीदवार बैजनाथ राम, कांग्रेस के समर्थित उम्मीदवार प्रणव झा जबकि निर्दलीय और एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी मैदान में हैं।

मैदान में तीन उम्मीदवार होने के कारण मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है।

चुनाव के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और सभी विधायकों ने निर्धारित समय के भीतर मतदान किया। मतदान सुबह 9 बजे शुरू हुआ और शाम 4 बजे तक चला।

मतदान समाप्त होने के बाद अब सभी की निगाहें मतगणना और परिणामों पर टिकी हैं। चुनाव से पहले क्रॉस वोटिंग और राजनीतिक समीकरणों को लेकर लगातार चर्चाएं होती रही हैं। ऐसे में मतगणना के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किस उम्मीदवार को कितने विधायकों का समर्थन मिला।

निर्वाचन आयोग की अनुमति मिलने के बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। राज्यसभा की दोनों सीटों पर जीत को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ही खेमे अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। अब सबकी नजरें चुनाव परिणाम पर टिकी हैं, जो झारखंड की राजनीतिक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित