रांची , मई 29 -- झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई हैं।

राज्य में महागठबंधन के अगुआ और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करने गुरुवार को कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता रांची पहुंचे। मुख्यमंत्री आवास पर करीब तीन घंटे तक चली बैठक में चुनावी रणनीति और उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा हुई, हालांकि किसी नाम पर अंतिम सहमति नहीं बन सकी।

बैठक में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के राजू , सह प्रभारी शीरी बेला प्रसाद, तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमाक मल्लू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी से साफ है कि पार्टी इस चुनाव को बेहद गंभीरता से ले रही है।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद के. राजू ने कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ सकारात्मक बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन का लक्ष्य भाजपा को हराना और दोनों सीटों पर जीत दर्ज करना है। उन्होंने यह भी बताया कि दो दिन बाद मुख्यमंत्री के साथ अंतिम दौर की बातचीत होगी।

ज्ञातव्य है कि झारखंड की दो राज्यसभा सीटों पर 18 जून को मतदान होना है। महागठबंधन के पास विधानसभा में पर्याप्त संख्या बल होने के कारण दोनों सीटें जीतने की स्थिति मजबूत मानी जा रही है। इसके बावजूद भाजपा भी चुनाव मैदान में उतरने और जीत का दावा कर रही है।

रांची एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए के. राजू ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस इस बार किसी स्थानीय नेता को ही उम्मीदवार बनाएगी। उन्होंने कहा कि बाहरी चेहरे को उम्मीदवार बनाए जाने की कोई संभावना नहीं है। साथ ही कांग्रेस ने महागठबंधन में एक सीट पर अपनी मजबूत दावेदारी भी पेश की है।

स्थानीय उम्मीदवार की चर्चा के बाद कांग्रेस में टिकट को लेकर हलचल बढ़ गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित