रांची , अप्रैल 20 -- झारखंड सरकार ने राज्य में हाथियों के हमलों से होने वाली मौतों के मामलों में बड़ा कदम उठाया है।

जेएलकेएम सुप्रीमो और डुमरी के विधायक जयराम महतो ने आज ट्वीट कर यह जानकारी साझा की है।

श्री महतो ने लिखा कि एक प्रयास का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। सरकार द्वारा प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है, जिसके तहत हाथियों के हमलों से जान गंवाने वालों का मुआवजा राशि 4 लाख रुपए से बढ़ाकर 10 लाख रुपए करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही पीड़ित परिवारों को हर माह 2,000 रुपए की अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगीउन्होंने लिखा कि झारखंड विधानसभा के बीते शीतकालीन सत्र के दौरान गैर सरकारी संकल्प में विधायक अमित यादव का एक सवाल हाथियों के हमलों से जान गंवाने वालों के आश्रित को मुआवजा राशि बढ़ाने और सुरक्षा देने को लेकर था।

श्री महतो ने लिखा कि किसी निजी कारण से विधायक श्री यादव सदन में उपस्थित नहीं हो पाए थे, उन्होंने मुझसे उनका पक्ष सदन में रखने का अनुरोध किया था। मैंने सदन में जोरदार बहस पर सरकार से इन घटनाओं में दिए जाने वाली मुआवजा राशि को बढ़ाने का अनुरोध किया था ताकि प्रभावित परिवारों को बेहतर आर्थिक लाभ मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित