हजारीबाग , जुलाई 24 -- झारखंड में हजारीबाग जिले के बरही प्रखंड अंतर्गत डपोक पंचायत के ओरपरता जंगल में हाथियों के झुंड ने एक किसान को कुचलकर मार डाला।
घटना के बाद पूरे पंचायत में भय और दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान ग्राम ओरपरता निवासी करीब 55 वर्षीय बैजनाथ यादव, पिता स्व किशुन यादव के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बैजनाथ यादव बीते शाम को मवेशी चराने के लिए निकले थे। जब वह देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी चिंता करते हुए खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। वहीं शुक्रवार अहले सुबह जब ग्रामीण ओरपरता के जंगल के समीप पहुंचे, तो वहां बैजनाथ यादव का शव पड़ा मिला।
घटनास्थल की हालात को देखकर यह अंदेशा जताया जा रहा है कि जंगली हाथियों के आक्रामक झुंड ने उन्हें घेरकर कुचल दिया होगा, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने घटनास्थल पर पहुंच कर जायजा लिया और हजारीबाग डीएफओ से बात कर मृतक के परिजन को यथाशीघ्र मुवावजा दिलाने का आश्वासन दिया।
मौके पर थाना प्रभारी विनोद कुमार एवं वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए घटना की पूरी जानकारी जुटाई। इधर घटना के बाद ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में हाथी लगातार विचरण करते रहते है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है और लोगों के मन में लगातार डर बना हुआ है।
घटना के बाद आक्रोशित व भयभीत ग्रामीणों ने वन विभाग से पुरजोर मांग की है कि हाथियों के इस झुंड को तुरंत आबादी वाले क्षेत्रों से खदेड़कर किसी सुरक्षित और दूर के जंगल में भेजा जाए, साथ ही पीड़ित और प्रभावित परिवार को जल्द से जल्द उचित मुआवजा राशि प्रदान की जाये। घटना के बाद बरही पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को अपने कब्जे के लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया, जहां से पोस्टमार्टम के बाद शव को उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
इधर घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो - रो कर बुरा हाल है। बता दें कि वन विभाग द्वारा तत्काल मृतक के परिजनों को एक लाख का रुपया का आर्थिक सहयोग किया गया, जबकि बाकी के 9 लाख रुपया कागजी प्रक्रिया के बाद दी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित