राजनांदगांव/चाईबासा , अक्टूबर 14 -- झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में मंगलवार को कार और ट्रेलर के बीच हुई भीषण टक्कर में छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव निवासी एक सिख परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि अन्य दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में आठ से नौ महीने का एक मासूम बच्चा मामूली खरोंचों के साथ सुरक्षित बच गया।
पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, राजनांदगांव का एक सिख परिवार कार से टाटानगर (जमशेदपुर) जा रहा था। इसी दौरान दोपहर में चाईबासा के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदापी डाउन के समीप उनकी कार की सामने से आ रहे ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त परिवार राजनांदगांव में परिवहन व्यवसाय से जुड़ा हुआ है। प्रारंभिक जानकारी में परिवार के सदस्यों के नाम प्रदीप सिंह, अमृत कौर, सिमरन कौर, हरमन कौर और अमनदीप कौर सामने आए हैं। हालांकि, मृतकों और घायलों की अलग-अलग पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
हादसे के दौरान वाहन में मौजूद आठ से नौ महीने का मासूम बच्चा सुरक्षित बच गया। बच्चे को मामूली खरोंचें आने की जानकारी मिली है। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मेन अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित