रांची , अगस्त 11 -- झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने कांके स्थित रांची इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरो साइकियाट्री एंड एलाइड साइंसेज (रिनपास) के निदेशक पद पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
योग्य एवं इच्छुक उम्मीदवार 8 सितंबर 2026 की शाम 6 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निदेशक संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी होंगे और उन्हें रिनपास की विकास योजनाएं तैयार करने एवं उनके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी दी जाएगी।
इस पद के लिए सातवें वेतन आयोग के लेवल-14 के तहत न्यूनतम Rs.1,44,200 प्रतिमाह वेतन निर्धारित है। इसके अलावा राज्य सरकार के नियमानुसार नॉन-प्रैक्टिसिंग अलाउंस और नि:शुल्क आवास की सुविधा भी मिलेगी।
आवेदन के लिए उम्मीदवार का किसी केंद्र या राज्य सरकार के मनोरोग संस्थान अथवा मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर के रूप में कम से कम 15 वर्षों का अनुभव होना जरूरी है। साथ ही एचओडी, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, डीन या यूनिट हेड के पद पर कम से कम दो वर्ष का अनुभव आवश्यक है।
कार्यरत अधिकारियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 65 वर्ष, जबकि सेवानिवृत्त अधिकारियों के लिए 70 वर्ष निर्धारित की गई है। निदेशक का कार्यकाल नियुक्ति की तारीख से पांच वर्ष का होगा और नियुक्ति निश्चित अवधि के लिए सीधी भर्ती के आधार पर की जाएगी।
उम्मीदवारों को केवल जैप आईटी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और आयु से संबंधित दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य है। निर्धारित समय के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित