रांची , फरवरी 23 -- झारखंड में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि 23 और 24 फरवरी को कई जिलों में हल्की बारिश और गरज के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिक के पूर्वानुमान के अनुसार 23 और 24 फरवरी को राज्य के दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भागों में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री तक गिरावट संभव है, जबकि इसके बाद अगले तीन दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।

25 फरवरी से मौसम फिर साफ हो जाएगा और 26 से 28 फरवरी तक सुबह हल्का कुहासा तथा दिन में साफ आसमान रहने की संभावना है। इस दौरान किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। राजधानी रांची में 23 फरवरी को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री, जबकि 24 फरवरी को अधिकतम 28 और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से मध्य भारत तक बनी ट्रफ लाइन नमी खींच रही है, जिससे बादल छा रहे हैं।न्यूनतम तापमान में गिरावट के आसार हैं। वहीं बारिश से अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हो सकती है। फरवरी के तीसरे सप्ताह में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। रांची सहित जिलों का तापमान अपडेटराजधानी रांची में अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक) और न्यूनतम 14.1 डिग्री सेल्सियस रहा। दक्षिणी झारखंड में गर्मी चरम पर है- सरायकेला में 34.5 डिग्री और चाईबासा में 34.4 डिग्री (सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा) दर्ज। वहीं, लोहरदगा सबसे ठंडा रहा (न्यूनतम 11.9 डिग्री), डाल्टनगंज-गुमला में 13 डिग्री के आसपास। दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड का असर जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित