रांची , मई 18 -- झारखंड के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने कहा है कि झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत बीएलओ के घर-घर विजिट कर मतदाताओं का सत्यापन 30 जून से 29 जुलाई तक किया जाना है।

इस क्रम में बीएलओ द्वारा इन्यूमरेशन फॉर्म बांटे एवं मतदाताओं द्वारा सत्यापित किए जाने के उपरांत संग्रहित किये जाएगें। श्री कुमार ने कहा कि झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण हेतु पहले से तैयारियां की जा रहीं हैं, इसके तहत राज्य में 73% मतदाताओं की मैपिंग विगत गहन पुनरीक्षण के मतदाता सूची से बीएलओ द्वारा की जा चुकी है।

श्री कुमार ने बताया कि वैसे मतदाता जिनकी अभी तक मैपिंग नहीं हो सकी है उनकी सूची सभी मतदान केंद्रों पर 23 मई से लगाई जाएगी एवं उनके बीएलओ के नाम एवं फोन नंबर भी उपलब्ध कराये जाएंगे, जिससे मतदाता अपने बीएलओ से संपर्क करते हुए मतदाता सूची में अपनी मैपिंग करा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि बीएलओ द्वारा मतदाताओं के मैपिंग के क्रम में घर घर जाकर स्टीकर लगाने का भी कार्य किया गया है जिसमें उनके बीएलओ का नाम नंबर अंकित है इसके साथ साथ इसीनेट पर उपलब्ध "बुक ए कॉल" फीचर का इस्तेमाल करते हुए भी अपने बीएलओ से संपर्क किया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित