बोकारो , सितंबर 09 -- झारखंड में बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल के पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार 23 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और मुआवजे की मांग को लेकर धवैईया-पेंक मुख्य सड़क को जाम कर दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना कि जिस ट्रैक्टर से हादसा हुआ, वह कथित तौर पर कोयला चोरी में इस्तेमाल किया जा रहा था। और यहां के थाना और अधिकारियों के मिली भगत से अवैध कोयले का खेल चल रहा है. जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के ऊपरघाट के धवैईया गांव के समीप बुधवार अहले सुबह की है। बताया जा रहा है कि 23 वर्षीय श्याम लाल हेम्ब्रम बाइक से कही जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। घटना के बाद परिजनों और आक्रोशित लोगों ने मुआवजा की मांग को लेकर धवैईया-पेंक मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सूचना मिलने के बाद पेंक नारायणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क जाम हटाने का प्रयास किया जा रहा हैं।
बताया जा रहा है कि मृतक श्याम लाल हेम्ब्रम शादीशुदा था और उसका एक वर्ष का बच्चा भी था. हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वही परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे में शामिल ट्रैक्टर तथा उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित