बोकारो , अक्टूबर 11 -- झारखंड में बोकारो के इलेक्ट्रो स्टील लिमिटेड (ईसीएल) के स्टील प्लांट में गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि वेदांता समूह की(ईसीएल) स्टील लिमिटेड के प्लांट परिसर में गैस की चपेट में आने से दो श्रमिकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान हजारीबाग निवासी सोहन महतो और धनबाद निवासी समीर अंसारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद प्लांट परिसर मेंअफरा-तफरी मच गई। गैस के संपर्क में आने के बाद दोनों श्रमिकों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

कंपनी के अनुसार, मृतकों में एक उसका कर्मचारी था, जबकि दूसरा बिजनेस पार्टनर के रूप में यहां कार्यरत श्रमिक था। घटना पर कंपनी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। साथ ही पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया है। कंपनी ने हादसे की स्वतंत्र जांच कराने और उसके निष्कर्षों के आधार पर उचित कदम उठाने की बात कही है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाया है। उन्होंने ई सी एल स्टील लिमिटेड के सी ई ओ से संबंधित विभाग के एचओडी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और जवाबदेही तय करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्लांट परिसर में बार-बार होने वाली दुर्घटनाओं की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।

पंचायत समिति सदस्य रफीक आलम अंसारी ने कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्लांट में शटडाउन के दौरान कामकाज के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है, जिसका खामियाजा मजदूरों और स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि शटडाउन के दौरान बेयरिंग बदलने के बजाय पुरानी बेयरिंग की मरम्मत कर दोबारा इस्तेमाल की जाती है। उनके मुताबिक, बेयरिंग बदलने की मांग करने पर संबंधित एचओडी द्वारा पंचिंग लॉक करने की धमकी भी दी जाती है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

मामले में कंपनी प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है। जेएलकेएम नेता अर्जुन रजवार ने हादसे के लिए कंपनी प्रबंधन की कथित सुरक्षा लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने झारखंड सरकार और बोकारो के उपायुक्त से मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्लांट में सुरक्षा मानकों की जांच कराई जाए और किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित