बोकारो , जून 12 -- झारखंड में बोकारो जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र के रेलवे फाटक के समीप अवस्थित एक लाइन होटल और जनरल स्टोर में अवैध रूप से शराब बिक्री की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद कर इस गोरख धंधा संलिप्त दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि बीते रात्रि गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे फाटक के पास अवस्थित अमर लाइन होटल में अवैध शराब का कारोबार चल रहा है। सूचना मिलने पर वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अमर लाइन होटल तथा उसके बगल में अवस्थित सुमित्रा जनरल स्टोर में छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों से विभिन्न ब्रांडों की कुल 264 बोतल अंग्रेजी शराब तथा 101 बोतल/कैन बीयर बरामद की गई। बरामद शराब के संबंध में जब वैध कागजात की मांग की गई तो संचालकों द्वारा कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

कार्रवाई के दौरान अमर लाइन होटल के मैनेजर अविनाश सिंह तथा सुमित्रा जनरल स्टोर के मालिक सूरज कुमार (सिंह) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि बरामद शराब में ब्लेंडर्स प्राइड, रॉयल स्टैग, मैकडॉवेल्स, सिग्नेचर, चिवास रीगल, जॉनी वॉकर, बकार्डी सहित कई नामी ब्रांड शामिल हैं। साथ ही बड़ी संख्या में बडवाइजर, गॉडफादर और टुबॉर्ग बीयर भी जब्त की गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है ।

अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित