बोकारो , सितंबर 26 -- झारखंड में बोकारो जिले चास स्थित मामरकुदर मोड़ के समीप एक अनियंत्रित सीमेंट लदे ट्रक ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि मृतक की पहचान चंदनकियारी के कौड़िया निवासी कार्तिक बाउरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कार्तिक अपने ससुराल से रोजी-रोजगार की तलाश में निकले थे। उसी दौरान मामरकुदर मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार सीमेंट लदे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने मामरकुदर-उदलबनी मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने और दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन व चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सड़क जाम के कारण क्षेत्र में यातायात पूरी तरह ठप हो गया है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय मुखिया संदीप महतो और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय प्रतिनिधि उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित करने और आवागमन बहाल कराने के प्रयास में जुटे हैं। उधर, घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित