बोकारो , मई 31 -- झारखंड में बोकारो जिला के बेरमो थाना क्षेत्र के 5 नंबर धौड़ा में विगत दिनों गर्भवती महिला अनिता देवी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि उक्त मामले मे बबलु कुमार उर्फ बबलु भुईयाँ, सुरेन्द्र भुईयाँ, विरेन्द्र कुमार भारती, राहुल दिगर , धिरेन भुईयाँ उर्फ धीरेन कुमार भारती, राजेश कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस पूरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी संतोष साव अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
बेरमो एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 29 मई की रात्रि करीब 5 नंबर धौड़ा में मृतका अनिता देवी और उनके पड़ोसियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। कथित तौर पर कोयला चोरों के साथ हुआ यह विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट के दौरान गर्भवती अनिता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें ढोरी स्थित रिजनल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
मृतका के पति महेश भुईयाँ ने 30 मई को बेरमो थाना में मामला दर्ज करवाया गया । इस जघन्य हत्याकांड के विरोध में 30 मई की सुबह से ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। अनिता कुमारी के शव को सड़क पर रखकर फुसरो को पूरी तरह जाम कर दिया गया।
डुमरी विधायक जयराम महतो और सांसद ढुल्लू महतो प्रदर्शनकारियों के समर्थन में फुसरो पहुंचे।
सांसद ढुल्लू महतो ने अल्टीमेटम दिया था कि यदि 31 मई की सुबह तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो बोकारो बंद किया जाएगा। इस भारी जनदबाव के बाद पुलिस प्रशासन ने ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित